Korba Factory Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हुए फैक्ट्री हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। परिवार का सहारा बनी एक महिला मजदूर की मशीन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। यह पूरा मामला कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक राखड़ ईंट फैक्ट्री का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में काम के दौरान महिला मजदूर की मौत हो गई। मृतिका की पहचान 26 वर्षीय बिछनी बाई के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि महिला फैक्ट्री में मशीन की सफाई कर रही थी। इसी दौरान चालू मशीन का लीवर अचानक नीचे गिर गया और महिला उसकी चपेट में आ गई। मशीन में दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लंबे समय बाद काम पर लौटी थी महिला
ग्रामीणों के अनुसार, मृतिका काफी समय बाद उसी दिन काम पर लौटी थी। फैक्ट्री में उस समय चार से पांच मजदूर मौजूद थे। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद मजदूर भी घबरा गए।इस कोरबा मजदूर हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया।
मासूम बेटे के सिर से उठा मां का साया
मृतिका का एक नाबालिग बेटा है। महिला की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों का कहना है कि बिछनी बाई परिवार चलाने के लिए मजदूरी करने फैक्ट्री पहुंची थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में हर आंख नम नजर आई।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
हादसे के बाद ग्रामीणों ने फैक्ट्री सुरक्षा लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। लोगों ने मृतिका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद भगत भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए।
चार घंटे तक चला हंगामा
करीब चार घंटे तक फैक्ट्री परिसर में प्रदर्शन और बातचीत का दौर चलता रहा। इसके बाद फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल, पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सहमति बनी।सूत्रों के अनुसार मृतिका के परिवार को मुआवजा देने पर सहमति बनने के बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फैक्ट्री सुरक्षा पर उठे सवाल
इस औद्योगिक हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मशीन चालू होने के दौरान सफाई कार्य करवाना बड़ी लापरवाही है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि हादसा लापरवाही से हुआ या सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया।








