Wednesday, September 2, 2026
Home Madhya Pradesh Mp News: रीवा में बेखौफ अपराधी सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का...

Mp News: रीवा में बेखौफ अपराधी सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर फैला रहे दहशत

Mp News Illegal Weapons Viral Video: रीवा जिले में लगातार बढ़ रहे मारपीट, गैंगवार और हत्या जैसे मामलों के बीच अब सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों के बीच स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली भी कटघरे में दिखाई दे रही है।

हालात यह हैं कि अब 16 से 18 साल की उम्र के नाबालिग युवक भी हाथों में अवैध हथियार लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें अपलोड कर रहे हैं। इन युवकों में कानून का कोई डर दिखाई नहीं दे रहा। वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों से आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक बंद कमरे में तेज डीजे की धुन पर डांस करते नजर आ रहे हैं। डांस के दौरान उनके हाथों में अवैध पिस्टल दिखाई दे रही है, जिन्हें वे हवा में लहराकर अपना दबदबा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।

वीडियो में युवक बेखौफ अंदाज में हथियारों का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि जब नाबालिग खुलेआम हथियारों के साथ वीडियो बना रहे हैं, तो यह कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

स्थानीय सूत्रों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीडियो में अवैध पिस्टल लेकर दिखाई दे रहा युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कबाड़ी मोहल्ला वार्ड क्रमांक 19 का निवासी बताया जा रहा है। वीडियो में मौजूद अन्य युवक भी उसी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि शहर में अवैध हथियारों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है और युवाओं में अपराध की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में कई युवक हथियारों के साथ वीडियो बनाकर खुद को “डॉन” साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए और यह भी जांच होनी चाहिए कि इनके पास अवैध हथियार कहां से पहुंचे।

अब सवाल यह है कि क्या पुलिस इस वायरल वीडियो को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करेगी या फिर यह मामला भी सोशल मीडिया की चर्चा बनकर सीमित रह जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here