CG Crime News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। कुम्हारी के कपसदा इलाके में एटीएम में पैसे जमा करने जा रहे एजेंसी के दो कर्मचारियों से 14 लाख 60 हजार रुपये लूट लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास के रास्तों पर नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। यह घटना शनिवार रात की है।
CG Crime News: जानकारी के मुताबिक, एजेंसी के दोनों कर्मचारी देर रात कैश लेकर एटीएम में जमा करने के लिए निकले थे। ग्राम कपसदा में गोयल स्कूल के पास रात लगभग 8:30 से 9 बजे के बीच दो बाइक सवार युवक रास्ते में गिरते हुए दिखाई दिए। कर्मचारियों ने उनकी मदद के लिए जैसे ही गाड़ी रोकी और उतरे, तभी आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर वाहन में रखे कैश बैग से पूरे 14 लाख 60 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गए।
CG Crime News: कर्मचारियों ने तुरंत कुम्हारी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इलाकों के प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी की और जांच शुरू की, लेकिन अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ-साथ सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी है।











