CG Crime News : धमतरी। धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी करेलीबड़ी अंतर्गत ग्राम हरदी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
CG Crime News : कमरे में मिले दंपति के शव: जानकारी के अनुसार, सोमवार रात हितेश यादव (22 वर्ष) और उनकी पत्नी लक्ष्मी यादव (20 वर्ष) अपने कमरे में सोने गए थे। अगली सुबह (मंगलवार) लगभग 7 बजे जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला, तो हितेश के बड़े भाई गितेश्वर यादव ने सीढ़ी लगाकर अंदर झाँका। उन्होंने देखा कि लक्ष्मी यादव का शव जमीन पर पड़ा था, जबकि पति हितेश यादव फांसी के फंदे पर झूल रहे थे। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को उतारा, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
CG Crime News : पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा: परिजनों की सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। कार्यपालिक दण्डाधिकारी की उपस्थिति में शव पंचनामा किया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के शुरुआती निष्कर्षों के अनुसार, मृतका लक्ष्मी यादव की मृत्यु गमछे से गला घोंटने के कारण हुई है, जबकि हितेश यादव की मृत्यु को आत्महत्या बताया गया है।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फॉरेंसिक रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है कि आखिर इस दोहरे कांड के पीछे का कारण क्या था।













