सूरजपुर : CG Crime : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मोबाइल फोन की लत ने एक नाबालिग छात्रा को इतना आक्रोशित कर दिया कि उसने अपनी जान जोखिम में डाल दी। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने मोबाइल चलाने से मना करने पर गुस्से में आकर कीटनाशक पी लिया। गनीमत रही कि समय रहते अस्पताल पहुँचाने पर उसकी जान बचा ली गई।
CG Crime : यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के डूमरिया गाँव की है। जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय छात्रा को उसके पिता ने मोबाइल चलाते हुए देख लिया। उन्होंने उसे पढ़ाई करने की सलाह देते हुए मोबाइल का इस्तेमाल करने से मना किया, जिससे वह नाराज हो गई। गुस्से में आकर उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया। वे तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू कर दिया। डॉक्टरों की सूझबूझ और समय पर मिले उपचार से छात्रा की जान बच गई। डॉक्टरों ने बताया कि अब वह खतरे से बाहर है। यह घटना एक बार फिर बच्चों पर मोबाइल की बढ़ती लत और उसके गंभीर परिणामों को उजागर करती है।











