बुरहानपुर : बुरहानपुर के घाघरला में मां पोहरादेवी वूमेन एंड चिल्ड्रन वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में रविवार को दर्शकों ने खेल का आनंद लिया। रिमझिम बारिश के बावजूद करीब 10 हजार लोग मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे।
प्रतियोगिता में जिले के साथ-साथ दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्यप्रदेश की कुल 28 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला झिरमिटी और सावली की टीमों के बीच हुआ। इतना रोमांचक मुकाबला हुआ कि दोनों विजेता टीमों ने प्रथम पुरस्कार 22,222 रुपए आपस में बांटने का निर्णय लिया। दोनों टीमों को 16,500-16,500 रुपए और तीसरे स्थान पर रही हिवरा टीम को 5,555 रुपए का इनाम मिला।
आयोजन समिति के उपाध्यक्ष राहुल राठौड़ ने कहा कि यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल के मंच पर आगे बढ़ाने का प्रयास है। सदस्य देवेंद्र राठौड़ ने बताया कि बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का हौसला कम नहीं हुआ। हरिओम राठौड़ ने कहा कि प्रतियोगिता से ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान मिलने का मौका मिलता है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के दमदार दांव-पेंच और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। फाइनल मुकाबले में सावली और झिरमिटी की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।











