Burhanpur Cough Syrup Death : बुरहानपुर। जिले के धुलकोट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धोंड में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतका की पहचान रामली बाई (निवासी हसनपुरा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले दो-तीन दिनों से सर्दी और खांसी से पीड़ित थी, जिसके उपचार के लिए उसने कप सिरप का सेवन किया था।
मायके आई थी महिला: जानकारी के अनुसार, रामली बाई अपने मायके ग्राम धोंड आई हुई थी। बीमारी के चलते उसने कप सिरप पिया, जिसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और आज उसकी मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक और सनसनी फैल गई है।
परिजनों का गंभीर आरोप: मृतका के भाई बिल्लर सिंह ने आरोप लगाया है कि कप सिरप पीने के बाद ही रामली बाई की स्थिति खराब हुई और उसी के कारण उसकी जान गई है। परिजनों के इस बयान के बाद अब यह जांच का विषय है कि क्या कप सिरप एक्सपायरी डेट का था या फिर महिला को किसी तरह का ड्रग रिएक्शन हुआ था।
जांच में जुटी पुलिस: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। स्वास्थ्य विभाग इस बात की भी जांच कर सकता है कि महिला ने कौन सा सिरप पिया था और वह कहाँ से खरीदा गया था।













