नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के तीसरे बजट यानी बजट 2026 में हेल्थ सेक्टर को नई दिशा देने वाली कई अहम घोषणाएं की हैं। इस बजट में स्वास्थ्य सेवाओं को न केवल मजबूत करने, बल्कि भारत को वैश्विक हेल्थ और बायोफार्मा हब बनाने का स्पष्ट रोडमैप पेश किया गया है।
भारत बनेगा ग्लोबल बायोफार्मा हब
बजट 2026 में सरकार ने बायोफार्मा सेक्टर को रणनीतिक प्राथमिकता दी है।
भारत को बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर दवाओं का ग्लोबल सप्लायर बनाने के लिए अगले 5 वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान किया गया है।
इस योजना के तहत देश में ही अत्याधुनिक दवाओं का उत्पादन बढ़ाया जाएगा, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी और भारत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक मजबूत खिलाड़ी के रूप में उभरेगा।
डायबिटीज और कैंसर मरीजों को बड़ी राहत
बजट 2026 में डायबिटीज, कैंसर और ऑटोइम्यून बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर दी गई है।
सरकार ने रिसर्च, नई दवाओं के विकास और मॉडर्न ट्रीटमेंट को बढ़ावा देने का ऐलान किया है।
Read More : Budget 2026 : अब इनकम टैक्स छिपाने पर नहीं होगी जेल! टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत, नए एक्ट से बदले नियम
इसके लिए देश में तीन नेशनल इंस्टीट्यूट स्थापित किए जाएंगे, जहां उन्नत रिसर्च और दवा निर्माण को सपोर्ट मिलेगा। इससे इन गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती और सुलभ हो सकेंगी।
तीन नए आयुर्वेदिक एम्स का ऐलान
आयुष सेक्टर को मजबूत करने के लिए बजट 2026 में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान (AIIM) स्थापित करने की घोषणा की गई है।इससे आयुर्वेदिक शिक्षा, रिसर्च और इलाज को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।सरकार का लक्ष्य है कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को आधुनिक हेल्थ सिस्टम से जोड़कर लोगों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिला अस्पताल होंगे हाईटेक
बजट में यह भी ऐलान किया गया है कि देशभर के जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा।
इन अस्पतालों में आधुनिक मशीनें, डिजिटल हेल्थ सुविधाएं और विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आम लोगों को बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।
मेडिकल टूरिज्म और PPP मॉडल पर जोर
बजट 2026 में मेडिकल टूरिज्म हब्स विकसित करने और निजी-सरकारी साझेदारी (PPP) को बढ़ावा देने की बात कही गई है।
इससे न केवल देश में रोजगार बढ़ेगा, बल्कि भारत विदेशी मरीजों के लिए भी एक भरोसेमंद हेल्थ डेस्टिनेशन बनेगा।













