Bilaspur Crime: पैसों के विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई, बचाने आई पत्नी से भी मारपीट; VIDEO वायरल

Sanjay Sahu
Bilaspur Crime

Bilaspur Crime: बिलासपुर। बिलासपुर में पैसों के लेन-देन को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक एक व्यक्ति की लाठी और बेल्ट से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पीड़ित का आरोप है कि पुराने पैसों के विवाद को लेकर उसे फोन कर बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद दो युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। इस दौरान उसे हाथ-मुक्कों, लाठी और बेल्ट से पीटा गया।

फोन कर युवक को बुलाया, फिर शुरू हुआ विवाद

पीड़ित सन्नी बंजारे के मुताबिक, 26 अगस्त की रात वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गोल बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान विनित श्रीवास ने उसे फोन कर गणेश अस्पताल के पास बुलाया।

सन्नी के वहां पहुंचने के बाद विनित श्रीवास और किशन ध्रुव के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए सन्नी पर हमला कर दिया।

वायरल वीडियो में दोनों युवक सन्नी को लाठी और बेल्ट से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। मारपीट में सन्नी के सिर और दोनों हाथों में चोट आने की बात कही गई है।

पति को बचाने पहुंची पत्नी को भी पीटा

मारपीट होते देखकर सन्नी की पत्नी भगवती अपने पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि दोनों युवकों ने महिला के साथ भी मारपीट की।

महिला के दोनों हाथों और बाएं गाल में चोट आई है। घटना के बाद पीड़ित दंपती ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शुरू की जांच

Bilaspur Crime: शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर घटना की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *