Bihar Exit Poll 2025 : नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान भी खत्म होने के बाद, अब सभी की निगाहें एग्जिट पोल के नतीजों पर टिकी हैं। राज्य में इस बार रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि जनता ने किसी एक खेमे को सत्ता की बागडोर सौंपने का फैसला कर लिया है। विभिन्न एजेंसियों और टीवी चैनलों द्वारा जारी किए गए एग्जिट पोल के नतीजे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को बंपर बहुमत मिलता दिख रहा है। हालांकि, असली तस्वीर 14 नवंबर को मतगणना के दिन ही साफ होगी, जब वोटों की गिनती के बाद नतीजे आधिकारिक रूप से सामने आएंगे।
Read More : Voter List Revision में भारी लापरवाही! 7 दिन बाद भी बीएलओ नहीं पहुँचे क्षेत्र में
Bihar Exit Poll 2025 :
सभी एग्जिट पोल में NDA की बंपर वापसी
अभी तक जारी हुए लगभग सभी एग्जिट पोल के नतीजों में एनडीए को बहुमत का आंकड़ा (122 सीटें) पार करते हुए दिखाया गया है। MATRIZE-आईएएनएस से लेकर P-MARQ तक, सभी एग्जिट पोल एनडीए की सत्ता में वापसी का अनुमान लगा रहे हैं।
| न्यूज़ चैनल/एजेंसी | NDA | महागठबंधन | अन्य |
| MATRIZE-आईएएनएस | 147-167 | 70-90 | 2-10 |
| दैनिक भास्कर | 145-160 | 73-91 | 5-10 |
| P-MARQ | 142-162 | 80-98 | 1-7 |
| डीवी रिसर्च | 137-152 | 83-98 | 2-6 |
| जेवीसी पोल | 135-150 | 88-103 | 3-6 |
| Peoples Pulse | 133-159 | 75-101 | 2-15 |
| POLSTRAT | 133-148 | 87-102 | 3-5 |
| पीपल्स इंसाइट | 133-148 | 87-102 | 3-8 |
| चाणक्य STRATEGIES | 130-138 | 100-108 | 3-5 |
पोल्स ऑफ पोल्स में भी एनडीए को बंपर जीत
शाम को जारी हुए पोल्स ऑफ पोल्स (3 एग्जिट पोल्स का औसत) के आंकड़ों में भी एनडीए जबरदस्त वापसी करते हुए 138-155 सीटें हासिल करता दिख रहा है। वहीं, महागठबंधन को 82-98 सीटें मिलने का अनुमान है। एग्जिट पोल के इन नतीजों के बाद, जेडीयू नेता के.सी. त्यागी ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि “हम दो-तिहाई बहुमत से जीतेंगे” और नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री का चेहरा थे, हैं और रहेंगे।
रिकॉर्ड तोड़ मतदान: पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त
बिहार चुनाव में इस बार मतदाताओं ने सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। शाम पांच बजे तक ही 67.14 फीसदी वोटिंग हो चुकी थी, जो 2000 में हुए 62.57 फीसदी और 1998 के लोकसभा चुनाव के 64.6 फीसदी के रिकॉर्ड को तोड़ चुका है। रिकॉर्ड तोड़ मतदान से यह साफ है कि मतदाताओं ने किसी एक गठबंधन को सत्ता सौंपने का मन बना लिया है।
मुख्य मुकाबला और सीटों का गणित
बिहार में इस बार मुख्य मुकाबाला नीतीश कुमार की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले विपक्षी महागठबंधन के बीच था। इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में जुटी हुई थी। राज्य में कुल 243 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 122 है। दूसरे चरण की 122 सीटों में NDA में सबसे ज़्यादा बीजेपी ने 53 सीटों पर, जबकि जेडीयू ने 44 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
14 नवंबर को आएगी आधिकारिक तस्वीर
पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को हुआ। हालांकि सभी एग्जिट पोल एनडीए की बंपर बढ़त दिखा रहे हैं, लेकिन अंतिम और आधिकारिक नतीजे 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही घोषित किए जाएंगे।











