इंदौर। चर्चित राजा हत्याकांड में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। लापता बताई जा रही राजा की पत्नी सोनम न केवल जिंदा मिली, बल्कि जांच में उसके ही पति की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। मेघालय के डीजीपी के मुताबिक, सोनम ने अपने पति की हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस ने मामले में सोनम सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, 2 जून को राजा का शव एक खाई में बरामद हुआ था। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा लग रहा था, लेकिन जांच में जब सोनम का कोई सुराग नहीं मिला, तो शक गहराया। अब पता चला है कि हनीमून के दौरान ही सोनम किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में थी और लोकेशन साझा कर रही थी।
सोनम की लोकेशन आखिरी बार मेघालय के शिलांग में मिली थी, लेकिन वह वहां से फरार होकर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर पहुंच गई थी। यहीं उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
डीजीपी के अनुसार, सोनम ने राजा की हत्या की पूरी साजिश रची थी। उसने हमलावरों को न केवल लोकेशन दी, बल्कि हत्या के बाद खुद को गायब भी कर लिया। फिलहाल, पुलिस एक अन्य फरार हमलावर की तलाश में दबिश दे रही है।











