Gwalior Crime Mobile Addiction Murder : ग्वालियर: रील देखने की लत बनी जानलेवा, मोबाइल छीनने पर जिगरी दोस्त ने डंडे से पीट-पीटकर कर दी हत्या

0
93

Gwalior Crime Mobile Addiction Murder : ग्वालियर। मोबाइल फोन की लत और डिजिटल रील के प्रति बढ़ता आकर्षण अब आपराधिक घटनाओं को जन्म दे रहा है। ग्वालियर के मोहना बाईपास पर एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने रील देखने के दौरान अपने ही जिगरी दोस्त की हत्या कर दी। मृतक का केवल इतना ही कसूर था कि उसने नशे की हालत में दोस्त के हाथ से मोबाइल छीन लिया था।

शराब पार्टी के बाद विवाद पुलिस के अनुसार, मुरैना के न्यू आमपुरा निवासी ऋषिकेश सिकरवार (36) और उसका दोस्त दीपक शाक्य रविवार को एक साथ घर से निकले थे। दोनों मोहना के एक ढाबे पर काम तलाशने के इरादे से निकले थे। ट्रेन और बस के सफर के बाद वे शाम को मोहना बाईपास पर पहुंचे, जहाँ पहले उन्होंने शराब पी और फिर ढाबे पर खाना खाया। खाना खाने के बाद दीपक अपने मोबाइल पर रील देखने में मशगूल हो गया।

मोबाइल छीनना पड़ा भारी नशे की हालत में ऋषिकेश ने दीपक के हाथ से मोबाइल छीनकर अपनी जेब में रख लिया। यह हरकत दीपक को नागवार गुजरी। देखते ही देखते मोबाइल वापस लेने को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दीपक ने आवेश में आकर सड़क किनारे पड़ा डंडा उठाया और ऋषिकेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से ऋषिकेश की मौके पर ही मौत हो गई।

जंगल की ओर भागा आरोपी, पुलिस ने दबोचा हत्या की इस वारदात के बाद आरोपी दीपक मौके से नंगे पैर जंगल की ओर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने घेराबंदी की और कुछ ही समय में आरोपी को धर दबोचा। ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपी दीपक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बाइट: धर्मवीर सिंह (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ग्वालियर) एसएसपी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मोबाइल की लत और नशे की प्रवृति किस हद तक घातक हो सकती है, यह मामला उसका जीता-जागता उदाहरण है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here