Saturday, September 26, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal Bhopal Mayor Helpline : महापौर हेल्पलाइन के 3 साल सफल: मालती राय...

Bhopal Mayor Helpline : महापौर हेल्पलाइन के 3 साल सफल: मालती राय ने खुद फोन घुमाकर जाना जनता का हाल, 2.77 लाख शिकायतों का हुआ निपटारा

Bhopal Mayor Helpline : भोपाल। राजधानी भोपाल के नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए महापौर मालती राय द्वारा शुरू की गई ‘महापौर हेल्पलाइन’ के तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण हो गए हैं। इस अवसर पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए महापौर ने हर मंगलवार की तरह इस सप्ताह भी स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खुद फोन उठाकर कई शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद किया और उनसे पूछा कि उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान हुआ है या नहीं।

समीक्षा के दौरान महापौर मालती राय ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में हेल्पलाइन पर कुल 2,79,144 समस्याएं प्राप्त हुई हैं। प्रशासन की सक्रियता के चलते इनमें से 2,77,563 शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा चुका है। महापौर ने संतुष्टि जताई कि हेल्पलाइन अब जनता और निगम के बीच एक मजबूत सेतु का काम कर रही है। वर्तमान में केवल 1581 जटिल समस्याएं शेष हैं, जिन पर तकनीकी और विभागीय कार्य जारी है और इनका भी जल्द समाधान कर दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि हेल्पलाइन पर सबसे अधिक शिकायतें सीवेज और जल भराव से जुड़ी आ रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए महापौर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवेज की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर और स्थायी निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को जल्द निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है।

शहर में लगातार बढ़ रहे ‘डॉग बाइट’ (श्वान के काटने) के मामलों पर भी महापौर ने अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम डॉग बाइट की घटनाओं को लेकर पूरी तरह सजग है। जहाँ से भी आवारा कुत्तों के आतंक की जानकारी प्राप्त होती है, वहां तत्काल डॉग कैचर वाहनों को भेजा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को इस प्रक्रिया में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं ताकि नागरिकों को सुरक्षा का एहसास हो सके।

महापौर हेल्पलाइन की इस अनूठी पहल ने जनता के बीच विश्वास जगाया है। स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम में बैठकर सीधे फीडबैक लेने की प्रक्रिया से न केवल समस्याओं का समाधान होता है, बल्कि अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होती है। मालती राय ने दावा किया कि जटिल समस्याओं का निराकरण भी समय सीमा के भीतर कर लिया जाएगा, ताकि भोपाल को एक समस्या मुक्त और आदर्श शहर बनाया जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here