Bhopal-Jhalawar: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार को आतंकी संगठन हिज्ब-उत-तहरीर (HUT) से जुड़ी एक गंभीर आतंकी साजिश के मामले में मध्य प्रदेश के भोपाल और राजस्थान के झालावाड़ में कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भोपाल में तीन और झालावाड़ में दो स्थानों पर तलाशी ली गई। जांच एजेंसी ने इस दौरान कई डिजिटल डिवाइस जब्त कीं, जिन्हें अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
Bhopal-Jhalawar: NIA ने बताया कि यह कार्रवाई आर.सी.-15/2023/NIA/DLI (HUT भोपाल मामला) के तहत की गई, जिसमें हिज्ब-उत-तहरीर और उससे जुड़े व्यक्तियों की भारत में अराजकता फैलाने, संवैधानिक व्यवस्था को चुनौती देने और शरिया आधारित इस्लामिक राज्य की स्थापना के प्रयासों की जांच चल रही है।
एजेंसी को इनपुट मिले थे कि HUT का नेटवर्क भारत में कमजोर और बेरोजगार मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित कर, उन्हें हिंसा और आतंकी गतिविधियों में झोंकने की साजिश रच रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि इन युवाओं को देश की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को गिराने और हिंसा फैलाने के लिए तैयार किया जा रहा था। NIA की टीमें तलाशी के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क सहित अन्य डिजिटल उपकरणों को जब्त कर चुकी हैं। ये उपकरण HUT की आतंकी गतिविधियों, संचार नेटवर्क और प्रचार सामग्री से जुड़े अहम सुराग दे सकते हैं।
फिलहाल एजेंसी इन जब्त वस्तुओं की गहराई से फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का भी खुलासा किया जा सके। हिज्ब-उत-तहरीर एक प्रतिबंधित इस्लामिक कट्टरपंथी संगठन है जो भारत में पिछले कुछ वर्षों से गुप्त रूप से अपना नेटवर्क फैला रहा है। इस संगठन का उद्देश्य लोकतंत्र को खत्म कर शरिया आधारित शासन लागू करना बताया जाता है। NIA पहले भी HUT के खिलाफ कई राज्यों में कार्रवाई कर चुकी है और कई स्लीपर सेल का भंडाफोड़ हुआ है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि HUT जैसे संगठन सोशल मीडिया, धार्मिक मंचों और गुप्त बैठकों के माध्यम से युवाओं को प्रभावित करते हैं। NIA की यह कार्रवाई न सिर्फ एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह संकेत भी देती है कि आतंकी संगठनों के विरुद्ध भारत की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क और सजग हैं।











