Barwani News Public Water ATMs : बड़वानी। शहर के व्यस्त बस स्टैंड, श्रीराम चौक और रणजीत चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर यात्रियों को एक रुपये में शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए वाटर एटीएम आज खुद ‘पानी-पानी’ होने की स्थिति में हैं। रखरखाव के अभाव में ये मशीनें लंबे समय से शोपीस बनकर रह गई हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लाखों का खर्च, पर यात्रियों को नहीं मिल रहा पानी नगर पालिका ने शहर में हर वाटर एटीएम पर करीब ढाई से तीन लाख रुपये की भारी धनराशि खर्च की थी। उद्देश्य था कि आमजन को बोतल बंद पानी के महंगे विकल्प से छुटकारा मिले। लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते ये मशीनें ठप पड़ी हैं। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को मजबूरी में दुकानों से 20 रुपये तक खर्च कर पानी की बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं, जो सीधे तौर पर आम आदमी की जेब पर डाका है।
प्याऊ और समाजसेवियों के भरोसे यात्रियों की प्यास बस स्टैंड पर कार्यरत कर्मचारी दुर्गेश दासोंदी बताते हैं कि नगर पालिका की मशीन पिछले साल की गर्मी से ही बंद पड़ी है। अब यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए यूनियन को खुद अपने स्तर पर प्याऊ की व्यवस्था करनी पड़ रही है। वहीं, समाजसेवी अजित जैन ने नगर पालिका की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए न केवल इंसानों बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी पानी के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए।
नई मशीनों की कवायद, पर कब तक? लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब नगर पालिका प्रशासन जागता हुआ नजर आ रहा है। जलप्रदाय प्रभारी मुन्ना लाल चौहान ने स्वीकार किया कि मेंटेनेंस के अभाव में मशीनें खराब हुई हैं। अब राहत की बात यह है कि नगर पालिका ने शहर के करीब 8-9 प्रमुख स्थानों पर इंदौर की एक कंपनी के जरिए नई वाटर एटीएम मशीनें लगाने की योजना बनाई है।
यात्रियों की मांग: बस यात्री जोहार सिंह का कहना है कि नई घोषणाओं से बेहतर यह होता कि मौजूदा मशीनों को ही दुरुस्त रखा जाता। यात्रियों ने मांग की है कि नई मशीनों के इंस्टॉलेशन के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इनका नियमित मेंटेनेंस होता रहे, ताकि जनता का पैसा फिर से बर्बाद न हो।











