बड़वानी: जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अनियमित आपूर्ति को लेकर बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के घरेलू एलपीजी गैस वितरकों की बैठक लेकर उपभोक्ताओं को निर्धारित मूल्य पर गैस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कहीं भी गैस की कमी या अधिक दाम पर बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कमर्शियल गैस की कमी से बढ़ी चिंता
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध जैसी स्थिति के कारण कमर्शियल एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को परेशानी हो रही है। वहीं आम उपभोक्ताओं में भी गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता देखी जा रही है।
हालांकि प्रशासन के अनुसार जिले में फिलहाल गैस की कालाबाजारी का कोई ठोस मामला सामने नहीं आया है, लेकिन इसको लेकर अफवाहें जरूर फैल रही हैं।
तय कीमत पर ही मिलेगा गैस सिलेंडर
कलेक्टर जयति सिंह ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को केवल निर्धारित मूल्य पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और किसी भी तरह की अनियमितता से बचा जाए।
उन्होंने सभी वितरकों को एलपीजी के भंडारण और वितरण से संबंधित पंजी नियमित रूप से संधारित करने और विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
घरेलू गैस के दुरुपयोग पर सख्ती
प्रशासन को यह भी शिकायत मिली है कि कुछ होटल, ढाबों और स्ट्रीट फूड स्टॉलों में कमर्शियल गैस के बजाय घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसे रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की बात कही है।
Read More : Indore Crime : इंदौर की ग्रीन वैली सोसाइटी में 1 करोड़ का घोटाला, 4 पदाधिकारियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
OTP आधारित डिलीवरी सिस्टम अनिवार्य
गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए ओटीपी आधारित डिजिटल बुकिंग और डिलीवरी सिस्टम को अनिवार्य कर दिया गया है। अब सिलेंडर केवल पंजीकृत और वैध उपभोक्ताओं को ही दिया जाएगा।
इसके अलावा गैस एजेंसियों को अपने केंद्रों पर भीड़ और लंबी कतारें न लगने देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
25 दिन बाद ही होगी नई बुकिंग
जिले में गैस वितरण को संतुलित बनाए रखने के लिए यह भी तय किया गया है कि एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद नई गैस बुकिंग 25 दिन के अंतराल के बाद ही स्वीकार की जाएगी, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस उपलब्ध हो सके।











