Balod Accident: बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के पास DJ से बंधी पिकअप वाहन और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक सड़क पर ही पलट गया। हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई और 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मरकाटोला घाटी के पास DJ से बंधी पिकअप सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी।
दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन अन्य युवकों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल पांच युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद सड़क पर बिखरा मलबा
टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क पर वाहनों का मलबा और क्षतिग्रस्त हिस्से फैलने से कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुरुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी ने की 5 मौतों की पुष्टि
बालोद के एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। हादसे में पांच युवकों की मौत हुई है, जबकि पांच घायल हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मरकाटोला घाट बना हादसों का संवेदनशील क्षेत्र
Balod Accident: नेशनल हाईवे-30 का मरकाटोला घाट क्षेत्र लगातार सड़क हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। इसी मार्ग पर पिछले महीने अगस्त में मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की भी सड़क हादसे में मौत हुई थी। बताया गया था कि वह अपने बाइक ग्रुप के साथ बस्तर की ओर जा रही थीं। एक महीने के भीतर इसी क्षेत्र में दो गंभीर सड़क हादसों ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था और घाट क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति या अन्य कोई वजह जिम्मेदार थी या नहीं।






