निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अहम खबर सामने आई है। अग्निवीर योजना के चार वर्ष पूरे होने के बाद सेना ने भर्ती नियमों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इन संशोधनों का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यावहारिक और युवाओं के अनुकूल बनाना बताया जा रहा है।
आयु सीमा बढ़ाकर 22 वर्ष
सबसे बड़ा बदलाव अधिकतम आयु सीमा में किया गया है। पहले जहां आवेदन की ऊपरी सीमा 21 वर्ष थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 22 वर्ष कर दिया गया है। नए नियमों के अनुसार 17.5 वर्ष से 22 वर्ष तक के अभ्यर्थी अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। पात्रता के लिए जन्म तिथि 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच होना अनिवार्य रखा गया है।
Read More : M.P News : एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी सर्वे 2025 में इंदौर एयरपोर्ट ने मारी बाजी, देश में तीसरे स्थान पर
भर्ती प्रक्रिया को बनाया अधिक व्यवहारिक
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल पंकज कुमार के अनुसार, नए बदलावों का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा योग्य युवाओं को अवसर देना है। तकनीकी योग्यता, वैवाहिक स्थिति और चयन प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देशों को भी स्पष्ट किया गया है ताकि उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू
इन पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, शारीरिक मानदंड, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
युवाओं के लिए बढ़ा अवसर
आयु सीमा में छूट और नियमों की स्पष्टता से बड़ी संख्या में युवाओं के लिए सेना में शामिल होने का रास्ता खुला है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव देश की रक्षा सेवाओं में प्रतिभाशाली युवाओं की भागीदारी बढ़ाने में मदद करेगा।













