भोपाल। राजधानी भोपाल में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी ने हड़कंप मचा दिया है। इस बार कोलार स्थित जेके हॉस्पिटल और जेके यूनिवर्सिटी को निशाना बनाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों संस्थानों को भेजे गए ईमेल में 21 बम लगाए जाने का दावा किया गया है और दोपहर 1:30 बजे धमाके की चेतावनी दी गई है।
धमकी भरे मेल में क्या लिखा?
ईमेल में यह भी उल्लेख किया गया है कि दोपहर की नमाज से पहले दोनों संस्थानों को खाली कर दिया जाए। इस संदेश के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।धमकी की गंभीरता को देखते हुए दोनों कैंपस में अलर्ट जारी कर दिया गया।
कैंपस खाली, तलाशी अभियान शुरू
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को खाली कराया गया।इसके साथ ही सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
लगातार मिल रही धमकियों से बढ़ी चिंता
भोपाल में पिछले कुछ समय से सरकारी और निजी संस्थानों को लगातार बम की धमकियां मिल रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।इन घटनाओं के चलते आम लोगों में दहशत का माहौल बनता जा रहा है।
साइबर टीम जांच में जुटी
पुलिस के साथ-साथ साइबर एक्सपर्ट्स भी ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटे हुए हैं।बड़ा सवाल यह है कि आखिर ये धमकी भरे मेल कहां से भेजे जा रहे हैं और इसके पीछे कौन लोग हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
प्रशासन ने शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी है।अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है।











