Rewa News SDM Office Scandal : रीवा: सरकारी कार्यालय में शराब पार्टी, एसडीएम ऑफिस के अंदर जाम छलकाते पकड़े गए लिपिक

0
122

Rewa News SDM Office Scandal : रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से प्रशासन की छवि को धूमिल करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के कॉलेज चौराहे स्थित अत्याधुनिक अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) कार्यालय में कुछ क्लर्कों द्वारा शराब पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। सरकारी कार्यालय की गरिमा को तार-तार करने वाली इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शराब पार्टी का वीडियो हुआ वायरल: जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर रात हुजूर एसडीएम कार्यालय के अंदर अनुविभागीय दंडाधिकारी के रीडर धर्मेंद्र पटेल और दिलीप पाल मदिरा का सेवन करते हुए कैमरे में कैद हो गए। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे सरकारी डेस्क पर शराब की बोतलें रखी हैं और बाबू नशे में चूर हैं। इस दौरान जब एक युवक ने इनका वीडियो बनाने की कोशिश की, तो नशे में धुत इन कर्मचारियों ने न केवल युवक के साथ झूमाझटकी की, बल्कि उसका मोबाइल भी छीनने का प्रयास किया।

हड़कंप के बाद भागे कर्मचारी: कार्यालय के अंदर शराबखोरी का विरोध और वीडियो बनने की भनक लगते ही वहां मौजूद एसडीएम कार्यालय के भृत्य (प्यून) और अन्य कर्मचारी आनन-फानन में मौके से रफूचक्कर हो गए। सरकारी कार्यालय के अंदर इस तरह की अनैतिक गतिविधि की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोग इसे सुशासन के दावों पर एक बड़ा तमाचा बता रहे हैं।

एसडीएम ने जांच के दिए निर्देश: वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। हुजूर एसडीएम डॉ. अनुराग तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के निर्देश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार को सौंपी गई है। साथ ही, वीडियो में दिख रहे दोनों रीडरों, धर्मेंद्र पटेल और दिलीप पाल को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई तय है।

बाईट (डॉ. अनुराग तिवारी, एसडीएम हुजूर): “सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए नायब तहसीलदार को अधिकृत किया गया है। प्रथम दृष्टया संलिप्त पाए गए कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here