युवक-युवती का अपहरण और मारपीट, 20 लाख की रंगदारी और अफीम केस में फंसाने की धमकी, पढ़े पूरी खबर

0
198

मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में काचरिया चंद्रावत गांव से एक युवक और युवती के अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रातभर बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा गया, और 20 लाख रुपए की मांग की गई। रुपए नहीं देने पर उसे अफीम के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।

गांव में गोली-दवा देने गया था युवक

पीड़ित मुकेश कुमावत, लसुड़ावन (अफजलपुर) निवासी है। वह शुक्रवार को मंदसौर में गेहूं बेचने के बाद अपनी मुंहबोली बहन को दवा देने काचरिया चंद्रावत गया था। वहां वह चाय पी रहा था तभी करीब 8.30 बजे 15-20 लोग सात-आठ बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और उसे जबरन उठाकर बाबूखेड़ा मार्ग पर ले गए।

रुपए छीनने और जान से मारने की धमकी

हमलावरों ने मुकेश के पास से 20 हजार रुपए छीन लिए और फिर उसे बरखेड़ा पंथ ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया। मुकेश के मुताबिक, वहां एक शख्स ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और धमकी दी कि “20 लाख रुपए मंगवाओ, वरना अफीम के केस में फंसा देंगे।” इंकार करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया।

रातभर चीखता रहा, सुबह पुलिस पहुंची

रातभर चली मारपीट के बाद सुबह 4 बजे पड़ोसी की सूचना पर पुलिस पहुंची, तब जाकर मुकेश की जान बची। पुलिस ने उसे मल्हारगढ़ अस्पताल और फिर जिला अस्पताल मंदसौर में भर्ती कराया। उसकी आंख, सिर, कमर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

महिला ने भी FIR दर्ज करवाई

इस मामले में बरखेड़ा पंथ निवासी दुर्गाबाई पति पुष्कर बावरी ने भी FIR दर्ज करवाई है। उसने बताया कि पति, देवर और ससुराल वालों ने उसके और मुकेश के साथ मारपीट की। दुर्गाबाई पिछले चार साल से मायके में रह रही थी, जहां इलाज के लिए मुकेश आया था।

आरोपियों में ससुराल पक्ष के कई लोग शामिल

पुलिस के अनुसार, आरोपी पुष्कर बावरी, कमल, दयानंद और विष्णुबाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना में अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच तेज कर दी गई है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here