बिलासपुर: जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने बड़े पैमाने पर कांबिंग गश्त अभियान चलाया। सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई इस कार्रवाई में करीब 300 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। रातभर चले अभियान के दौरान संवेदनशील स्थानों, संदिग्ध ठिकानों, वारंटियों के घरों, होटल-ढाबों और सार्वजनिक जगहों पर व्यापक तलाशी ली गई।
एक ही रात में 126 वारंटी गिरफ्तार
पुलिस की सघन कार्रवाई का असर तुरंत दिखाई दिया। अभियान के दौरान कुल 126 वारंटियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट से जुड़े आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी पकड़ने में सफलता मिली। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई।
निगरानी बदमाशों पर भी कड़ी नजर
निगरानी सूची में दर्ज 41 बदमाशों के ठिकानों की जांच कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। संदिग्ध पाए गए 10 व्यक्तियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं एक आरोपी के पास से धारदार हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
Read More : रायपुर नगर निगम की सख्ती! करोड़ों के बकायेदारों की संपत्तियां सील, 6 व्यावसायिक परिसर बंद
शराबी चालकों पर सख्त कार्रवाई
सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज किया। पिछले एक सप्ताह में 105 चालकों पर कार्रवाई की गई, जबकि हालिया रात्रि अभियान में 46 लोगों का चालान काटा गया।
दो दिनों में 150 से ज्यादा आरोपी गिरफ्त में
लगातार चल रही कार्रवाई के तहत बीते दो दिनों में 150 से अधिक गुंडे-बदमाशों को पकड़कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
पुलिस की नागरिकों से अपील
एएसपी सिटी पंकज कुमार पटेल ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, फरार आरोपी या वारंटी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।













