Indore Zoo Parking Robbery : इंदौर: शहर के एमजी रोड इलाके में रहने वाले एक प्रतिष्ठित परिवार के साथ विश्वासघात और लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। चिड़ियाघर (Zoo) घूमने गए परिवार की टैक्सी के ड्राइवर ने ही गाड़ी में रखे करीब 11 लाख रुपये के सोने और हीरे के जेवर चोरी कर लिए थे। इंदौर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है।
शादी की तैयारी और ड्राइवर की नीयत: एमजी रोड स्थित अंबर बिल्डिंग के निवासी नरेश जैन 20 जनवरी को परिवार के साथ चिड़ियाघर घूमने गए थे। उन्हें शहर के बाहर एक शादी समारोह में शामिल होने जाना था, इसलिए उन्होंने कीमती गहनों का डिब्बा घर पर छोड़ने के बजाय सुरक्षित समझकर अपनी टैक्सी कार में ही रख दिया था। परिवार जब चिड़ियाघर के अंदर घूमने गया, तब पार्किंग में खड़े टैक्सी ड्राइवर नंदकिशोर बाघ की नीयत डोल गई और उसने डिब्बे से जेवर पार कर दिए।
सीसीटीवी और मुखबिर से खुला राज: नरेश जैन की शिकायत पर एमजी रोड पुलिस ने जांच शुरू की। एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने पार्किंग क्षेत्र और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। ड्राइवर की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब मुखबिर तंत्र से जानकारी जुटाई गई, तो शक की सुई नंदकिशोर की ओर घूमी। पुलिस ने भमोरी निवासी आरोपी नंदकिशोर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया।
पूरी रिकवरी और कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पूरे जेवर (सोने और हीरे के आभूषण) बरामद कर लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 11 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया है।













