Friday, August 21, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal Indore poisonous water incident : जीतू पटवारी का बड़ा हमला—’भाजपा सरकार हत्यारी...

Indore poisonous water incident : जीतू पटवारी का बड़ा हमला—’भाजपा सरकार हत्यारी है, कैलाश विजयवर्गीय तुरंत इस्तीफा दें’

Indore poisonous water incident : भोपाल: इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मासूम बच्चों और नागरिकों की मौत के मामले में सियासत गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC Chief) जीतू पटवारी ने भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार को ‘हत्यारी’ करार देते हुए इंदौर के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की है। पटवारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिस इंदौर की जनता ने शहर को स्वच्छता का तमगा दिलाया, उसे प्रशासन ने बदले में पीने के पानी में जहर दे दिया।

मीडिया को धन्यवाद और मंत्री पर निशाना

जीतू पटवारी ने मामले को उजागर करने के लिए मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “सरकार ने अपना काम नहीं किया, लेकिन मीडिया के साथियों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।” उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर उन्होंने इलाज फ्री करने की बात कही, लेकिन जब पत्रकारों ने सवाल पूछे, तो उनका जवाब इंदौर को शर्मसार करने वाला था। पटवारी ने कहा कि सवाल पूछने वाले पत्रकारों को जो व्यवहार मिला, वह निंदनीय है, कांग्रेस उन पत्रकारों का सम्मान करती है।

‘गैर इरादतन हत्या’ का दर्ज हो मामला

जीतू पटवारी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि पहले 25 बच्चों की मौत हुई और अब 13 और जान चली गई, लेकिन अब तक किसी को सजा नहीं मिली। उन्होंने मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और नेताओं के खिलाफ ‘गैर इरादतन हत्या’ का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। पटवारी ने मुख्यमंत्री को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे गृहमंत्री और प्रभारी मंत्री भी हैं, इसलिए इस सामूहिक हत्या की जिम्मेदारी उनकी भी है।

कांग्रेस ने बनाई जांच टीम, 1-1 करोड़ मुआवजे की मांग

पीसीसी चीफ ने बताया कि कांग्रेस ने दो पूर्व मंत्रियों के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय जांच दल का गठन किया है। यह टीम इंदौर जाकर जमीनी हकीकत का पता लगाएगी और रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर कांग्रेस आगे की रणनीति तय करेगी। कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों के लिए 1-1 करोड़ रुपये के मुआवजे और घायलों के लिए सर्वोत्तम इलाज की मांग की है।

जीतू पटवारी ने अंत में कहा कि मध्य प्रदेश में ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं और मुख्यमंत्री की गरिमा घट रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा नहीं लिया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here