गरियाबंद। रायपुर से पिकनिक मनाने कुकदा डैम पहुंचे युवकों की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब एक युवक पानी में डूब गया। रायपुर के भनपुरी निवासी 18 वर्षीय आर्यन सिन्हा अपने 9 दोस्तों के साथ गरियाबंद के प्रसिद्ध कुकदा डैम घूमने आया था।
बताया जा रहा है कि रविवार को सभी दोस्त मस्ती के बीच डैम के पानी में नहाने उतरे थे, तभी आर्यन गहराई में चला गया और डूबने लगा। साथी दोस्त जब तक कुछ समझ पाते, तब तक वह पानी में समा गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तब तक आर्यन की मौत हो चुकी थी।
यह हादसा गर्मी के मौसम में पिकनिक और नहाने के दौरान सुरक्षा के प्रति लापरवाही की चेतावनी बनकर सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









