Friday, September 4, 2026
Home Madhya Pradesh Sensation in Narsinghpur : बस संचालक का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव,...

Sensation in Narsinghpur : बस संचालक का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Sensation in Narsinghpur :  नरसिंहपुर। (राहुल पाटकर) नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना अंतर्गत ठेमी क्षेत्र के ग्राम आंखीवाड़ा में उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर के मोड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक बस संचालक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गोटेगांव निवासी आनंद राय के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व परिजन मौके पर जमा हो गए। परिजनों ने इस मामले को सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए जुआ फड़ संचालकों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है।

मृतक के भाई अमित राय और बहन प्रतिमा राय ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पप्पू पटेल और बबलू पटेल द्वारा एक हाई-प्रोफाइल अवैध जुआ फड़ संचालित किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले पैसों के लेनदेन को लेकर आनंद राय का पप्पू पटेल से विवाद हुआ था, जिसमें जमकर गाली-गलौज भी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद बकरा पार्टी खिलाने के बहाने आनंद को बुलाया गया और सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या कर दी गई।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों का कहना है कि यह अवैध जुआ फड़ लंबे समय से चल रहा था और इसकी जानकारी स्थानीय थाने से लेकर उच्चाधिकारियों तक को थी, लेकिन राजनीतिक या अन्य रसूख के चलते इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज एक व्यक्ति की जान चली गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। एसडीओपी गोटेगांव मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। परिजनों के बयानों को दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस आरोपियों की तलाश और जुआ फड़ से जुड़े इनपुट्स पर भी छापेमारी की तैयारी कर रही है। फिलहाल, क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here