Banjara community : कोण्डागांव। अखिल भारतीय बंजारा सेवा संघ जिला कोण्डागांव के बंजारा समाज ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, एसडीएम अजय उराव और कोतवाली थाने में पहुंचकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली घटना की शिकायत की और जिम्मेदारों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
समाज के सदस्यों ने बताया कि बुधवार की रात को “जय माता दी मोबाइल” द्वारा आयोजित रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कुछ व्यक्तियों ने सेवालाल चौक में स्थापित संत सेवालाल महाराज जी की मूर्ति पर चढ़कर अनुचित और अपमानजनक हरकतें की। यह घटना बंजारा समाज की धार्मिक आस्था और मर्यादा को गंभीर रूप से प्रभावित करने वाली है।
Banjara community : समाज ने कहा कि इस कृत्य से न केवल उनकी धार्मिक भावनाएं ठेस पहुँची हैं, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव और कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ने की संभावना है। संगठन के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने घटनास्थल के वीडियो और फोटो देखे हैं, जिससे समाज में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।
बंजारा समाज ने पुलिस से आग्रह किया कि घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान कर गंभीर धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, कार्यक्रम के आयोजकों और जिम्मेदार व्यक्तियों से पूछताछ और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे सार्वजनिक कार्यक्रमों की अनुमति और निगरानी प्रणाली को और मजबूत किया जाए।
Banjara community : ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के जिलाध्यक्ष सुखिया राम चौहान, सचिव भुनेश्वर राठौर, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, हीरासिंह राठौर, पुरुषोत्तम नायक सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
समाज ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सामाजिक सद्भाव बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।









