Chhattisgarh SIR fake Voters : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के महा-शुद्धिकरण (Special Intensive Revision – SIR) को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप बढ़ गए हैं। रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने दावा किया कि अगर SIR ईमानदारी से हुआ तो रायपुर से एक लाख फर्जी वोटर कट जाएंगे। उन्होंने इसे लोकतंत्र की सफाई बताया।
Chhattisgarh SIR fake Voters : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा ने खुद फर्जी वोटर होने की बात मान ली है। उन्होंने पूरे प्रदेश में 400 टीमें बनाने और SIR मॉनिटरिंग सेल तैयार करने की घोषणा की। PCC चीफ ने SIR प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि किसानों के व्यस्त रहने और BLO की अपर्याप्त ट्रेनिंग के कारण सत्यापन में बाधा आ सकती है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त यशवंत कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि 15 दिसंबर तक अपना नाम-पता BLO से मिलकर चेक करें और आवश्यक फॉर्म-6, 7, 8 जमा करें।
साथ ही, बिलासपुर में हुए दर्दनाक रेल हादसे पर PCC अध्यक्ष दीपक बैज ने रेलवे विभाग पर गंभीर सवाल उठाए और मृतकों के परिजनों के लिए 1 करोड़ रुपए एवं घायलों के लिए 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग की। बैज ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि आज भी उसी ट्रैक पर मालगाड़ियां खड़ी मिलीं और एक यात्री ट्रेन भी उसी मार्ग पर आ गई।
उन्होंने एग्रीस्टेक पोर्टल की विफलता और किसानों की पंजीयन समस्याओं पर सरकार पर हमला बोला। साथ ही, सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल के कारण धान खरीदी में रुकावटों की चिंता जताई।
भाजपा के ‘वंदे मातरम्’ विवाद पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रम राष्ट्रगान और वंदे मातरम् से शुरू और समाप्त होते हैं, जबकि भाजपा ने देशभक्ति का सबक अब देने शुरू कर दिया है।
यह मामला राज्य में राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है और आने वाले दिनों में SIR प्रक्रिया और बिलासपुर रेल सुरक्षा को लेकर सियासी तापमान बढ़ सकता है।









