Raipur News: रायपुर। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कलेक्ट्रेट परिसर में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना छत्तीसगढ़ वेयरहाउस कार्पोरेशन में कार्यरत कर्मचारी विनय कुमार रामटेके के साथ हुई, जिनकी स्कूटर की डिक्की से अज्ञात चोर एक लाख रुपये नगद पार कर गया।
Raipur News: मिली जानकारी के अनुसार, गुढ़ियारी निवासी विनय कुमार रामटेके 19 मई को निजी कार्य से एक लाख रुपये लेकर कार्यालय पहुंचे थे। दोपहर लगभग 2:45 बजे वे अपने सहकर्मी जितेंद्र बंजारे के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ट्रेजरी कार्यालय गए। उन्होंने अपनी हीरो मैस्ट्रो स्कूटर (क्रमांक CG 04 HY 1587) की डिक्की में रकम रखकर उसे लॉक किया और पोस्ट ऑफिस के सामने परिसर में स्कूटर पार्क कर दी।
Raipur News: करीब 3:15 बजे जब वे लौटे और डिक्की खोली तो उसमें रखा एक लाख रुपये गायब था। दोनों कर्मचारियों ने आसपास तलाश की लेकिन पैसों का कोई सुराग नहीं मिला। विनय रामटेके ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने डिक्की का लॉक तोड़कर रकम चुराई है।
Raipur News: घटना की जानकारी संबंधित थाने को दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। कलेक्ट्रेट जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई इस चोरी ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













