जबलपुर। जबलपुर नगर निगम में कार्यरत ठेका सफाई कर्मियों को पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनका गुस्सा फूट पड़ा है। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद पेमेंट न होने से नाराज सफाई कर्मियों ने अब कार्रवाई की मांग करते हुए रांझी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
लिखित आश्वासन भी हुआ बेकार
सफाई कर्मियों ने बताया कि वेतन न मिलने के कारण उन्होंने पहले भी हड़ताल और चक्काजाम किया था। उस समय, भाजपा पार्षद और एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी समेत निगम अधिकारियों ने उन्हें लिखित में आश्वासन दिया था कि ठेकेदार से जल्द ही उनका बकाया वेतन दिलाया जाएगा।
हालांकि, लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद भी जब चार महीने तक उनका वेतन नहीं मिला, तो आक्रोशित सफाई कर्मियों ने रांझी थाने पहुँचकर सुपरवाइजरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
READ MORE : CG NEWS : कोयला खदान को लेकर क्यों हो रहा है विरोध, ग्रामीणों ने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
सुपरवाइजरों पर काम करवाकर पल्ला झाड़ने का आरोप
सफाई कर्मियों का आरोप है कि सुपरवाइजरों ने उनसे वार्डों में खूब काम करवाया, लेकिन जब वेतन देने की बात आई तो उन्होंने पूरी तरह से पल्ला झाड़ लिया। कर्मियों ने पुलिस से अनुरोध किया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द उनका बकाया वेतन दिलवाया जाए, ताकि उनके सामने आ रही आर्थिक परेशानियाँ दूर हो सकें। यह मामला नगर निगम की ठेका व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, जहाँ कर्मचारियों को महीनों तक वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।













