Indore News : इंदौर : इंदौर में दिगंबर जैन समाज के पूज्य संत आचार्य विद्यासागर महाराज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सामने आने के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला था और बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने तिलक नगर थाने पर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
Indore News : दरअसल तिलक नगर थाना क्षेत्र के रहवासी अरविंद जैन ने दिगंबर जैन समाज के संत विद्यासागर महाराज पर अभद्र टिप्पणी करते हुए फेसबुक पर कई टिप्पणियां की थी, साथ ही कई अन्य जैन संतों को लेकर भी आपत्तिजनक कमेंट किए थे। इसके बाद जैन समाज के ही लोगों द्वारा इस घटना का विरोध किया गया और थाने पहुंचकर इस मामले की शिकायत की गई थी, और बड़ी संख्या में पहुंचे जैन समाज के लोगों ने थाने का घेराव करने की भी चेतावनी दी थी। समाजजनों ने मांग की थी कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने वाली हरकत न कर सके।
Indore News : पुलिस ने शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान अरविंद जैन के रूप में की और उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपने कृत्य के लिए खेद व्यक्त करते हुए समाज और संतों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं जैन समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना की और कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी से समाज में शांति और विश्वास कायम हुआ है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।