साय मंत्रिमंडल विस्तार : रायपुर। छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाओं को अब अंजाम तक पहुँचने की राह दिख रही है। सूत्रों की मानें तो 20 अगस्त को तीन नए मंत्रियों के साथ कैबिनेट विस्तार होना लगभग तय माना जा रहा है। इस बीच, नए मंत्रियों के लिए सरकारी गाड़ियों की तैयारियों का काम जोरों पर है।
साय मंत्रिमंडल विस्तार : तीन नई गाड़ियां तैयार
स्टेट गैरेज में तीन नई सफेद फॉर्च्यूनर को शपथ ग्रहण समारोह के लिए चेक कर तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दो गाड़ियों के नंबर CG 02 AF 0009 और CG 02 AV 0005 तैयार हैं, जबकि तीसरी गाड़ी ट्रायल पर है। इन गाड़ियों को मंत्री बनने वाले विधायकों को शपथ लेने के तुरंत बाद सौंपा जाएगा।
राज्यपाल और भाजपा अध्यक्ष के बयान
राज्यपाल रमेन डेका ने शपथ ग्रहण से पहले बड़े कार्यक्रम की पुष्टि की थी। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि राज्यपाल की अनुमति के बाद कल कुछ बड़ा होने जा रहा है।
साय मंत्रिमंडल विस्तार
हरियाणा मॉडल के आधार पर 3 नए मंत्री
छत्तीसगढ़ में 13 मंत्री बनने की परंपरा रही है, लेकिन हरियाणा मॉडल के तहत 90 विधायकों में 15% अनुपात के हिसाब से 14 मंत्रियों तक का विस्तार संभव है। इस बार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 3 नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल करने की तैयारी की जा रही है।
नामों को लेकर जारी सियासी उठापटक
अभी तक चर्चाओं में रहने वाले नामों में अंबिकापुर से राजेश अग्रवाल, आरंग से गुरू खुशवंत साहेब और दुर्ग से गजेंद्र यादव शामिल हैं। पहले चर्चा में अमर अग्रवाल, गजेंद्र यादव, पुरंदर मिश्रा और राजेश मूणत जैसे नाम भी थे, लेकिन अंतिम समय में इन तीन नामों को प्राथमिकता दी गई है।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए रेड कार्पेट और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति की तैयारी भी पूरी हो चुकी है। राजनीतिक विश्लेषक इसे बीजेपी की आगामी रणनीति और सत्तारूढ़ संतुलन की दिशा का संकेत मान रहे हैं।









