Chhatarpur News : छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलहरी गांव में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गांव की आस्था का केंद्र माने जाने वाले प्राचीन राजदुलारी माता मंदिर की प्रतिमा को खंडित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा होकर विरोध जता रहे हैं। पुलिस बल भी भारी तादाद में गांव में तैनात है।
Chhatarpur News : ग्रामीणों के अनुसार, यह मंदिर चंदेलकालीन है और माता राजदुलारी को गांव की कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। देर रात असामाजिक तत्वों ने मूर्ति को खंडित कर हाथ और पैर के हिस्से को अपने साथ ले गए। प्रतिमा को खंडित करने की यह घटना गांव के लोगों की धार्मिक भावनाओं पर सीधा प्रहार मानी जा रही है।
Chhatarpur News
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यह घटना तंत्र साधना से जुड़ी हो सकती है, क्योंकि अक्सर ऐसी घटनाओं में मूर्तियों के अंगों का उपयोग काले जादू और तांत्रिक क्रियाओं में किया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, यह मंदिर केवल श्रद्धा का प्रतीक नहीं, बल्कि गांव की सुरक्षा और सुख-समृद्धि का केंद्र है।
घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मूर्ति की पुनः स्थापना की मांग की है। खास बात यह रही कि घटना के बाद से गांव में एक कुत्ता (स्वान) पिछले 8 घंटे से मूर्ति के टूटे स्थान के पास एक ही मुद्रा में बैठा हुआ है, जिसे ग्रामीण देवी माता के क्रोध और संकेत के रूप में देख रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है।











