Objectionable Comment : नई दिल्ली / वृंदावन | प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य एक बार फिर अपने एक बयान को लेकर विवादों के घेरे में हैं। वृंदावन में एक कथा सभा के दौरान उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने कहा, “अब लड़कियां लाते हैं 25 साल की, जो चार जगह मुंह मार चुकी होती है।” इस कथन के बाद सोशल मीडिया पर भारी आलोचना शुरू हो गई और कई महिला कार्यकर्ताओं, नेताओं और पूर्व सेना अधिकारी तक ने विरोध दर्ज कराया।
Read More : Sehore Accident : हाईवे पर दो बसों की टक्कर, बड़ा हादसा टला, 7 लोग घायल
कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष अलका लांबा ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अनिरुद्धाचार्य पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “अगर मेरे बस में होता तो मैं उनके मुंह पर कालिख पोत देती। जो लोग मेरी आलोचना कर रहे हैं, उन्हें अनिरुद्धाचार्य के बयान पर गुस्सा आना चाहिए, मेरे ऊपर नहीं।”
इस विवाद में एक नया मोर्चा तब खुला जब बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और इंडियन आर्मी की रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए कथावाचक की निंदा की। उन्होंने कहा, “अगर ये मेरे सामने होता तो मैं इसे बता देती कि मुंह मारना क्या होता है। ये राष्ट्र-विरोधी बयान है।”
इस विवाद के बाद अनिरुद्धाचार्य ने सफाई देते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका बयान तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया है और वीडियो AI तकनीक से एडिट किया गया है। उन्होंने कहा, “मैं कभी नारी का अपमान नहीं कर सकता। अगर किसी को मेरी बातों से ठेस पहुंची है, तो मैं क्षमाप्रार्थी हूं।”
हालांकि कई महिला संगठनों ने इस माफी को “बहाना” करार देते हुए कथावाचक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कुछ जगहों पर पुतला दहन और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी हुए।













