पलामू: पांकी थाना क्षेत्र में 24 अप्रैल को हुए लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों—मो. शमशाद अंसारी, मो. हुसैन आलम उर्फ सोनम आलम और मो. इमाम आलम उर्फ कारु—को गिरफ्तार किया है। ये सभी पलामू जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं और इनकी उम्र 22 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन, 800 रुपये नकद, कार की चाबी और एक फोल्डिंग छुरा बरामद किया है। इनमें से मो. शमशाद अंसारी के खिलाफ पहले से ही पांकी और पिपराटांड़ थाना में तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घटना की जानकारी पीड़ित विकास कुमार राम ने पांकी थाने में दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपियों ने छुरा दिखाकर उनसे 7000 रुपये, दो मोबाइल और कार की चाबी लूट ली थी। पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सघन जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूरे ऑपरेशन में सर्किल इंस्पेक्टर पूनम टोप्पो, पांकी थानेदार राजेश रंजन, एसआई संतोष गिरि, श्याम भगत और एएसआई सुरेन्द्र राम की सराहनीय भूमिका रही।











