Chhattisgarh News: रायपुर। उप मुख्यमंत्री और PWD मंत्री अरुण साव ने सरगुजा प्रवास के दौरान प्रतापपुर-अंबिकापुर-खड़गवां मार्ग पर महान नदी पुल का औचक निरीक्षण किया। पुल की सड़क की खराब स्थिति देखकर मंत्री नाराज हो गए और मौके पर मौजूद अधिकारी को जमकर फटकार लगाई।
मंत्री अरुण साव ने कहा कि इतना बड़ा और मुख्य मार्ग का पुल है, लेकिन इसकी हालत बेहद खराब है। उन्होंने अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि क्या अब उन्हें एक-एक ब्रिज और एक-एक सड़क का खुद निरीक्षण करना पड़ेगा।
‘क्या हादसे का इंतजार कर रहे हैं?’
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पुल की ऐसी हालत से कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि क्या वे किसी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क और पुल की मरम्मत को लेकर पहले भी निर्देश दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। मंत्री ने तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को मैदान में उतरने की हिदायत
Chhattisgarh News: अरुण साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे सिर्फ कार्यालयों में बैठकर काम न करें, बल्कि मौके पर जाकर सड़कों और पुलों की स्थिति देखें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मैदान में उतरकर काम करना होगा और निर्माण व मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करनी होगी। मंत्री ने सरगुजा के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य मार्गों और पुलों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए समय पर मरम्मत और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

