इंदौर। Nishaanebaz.com-MP Indore Illegal Drug Trade: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के हाईप्रोफाइल विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में लगातार पैर पसार रहे अवैध नशे के कारोबार को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा है। राष्ट्रीय कवि व वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन और पार्षद मनोज मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सत्यनारायण सत्तन ने अपनी ही व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “नशा तो नशा है, इस पर नियंत्रण जरूरी है और समाज की दृष्टि से पुलिस पूरी तरह फेल साबित हो रही है।”
वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन ने सरकार की आबकारी नीति और पुलिस की कार्यशैली दोनों पर सवाल उठाए। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जब सरकार खुद ही शराब जैसी चीजें बेचेगी, तो अवैध कारोबारियों को प्रोत्साहन मिलना लाजमी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज में जहर घोलने वाली ऐसी अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाना उनका सामाजिक और नैतिक धर्म है। सत्तन के इस कड़े रुख से इंदौर के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
इंदौर विधानसभा-1 में नशे के कारोबार के आरोपों को लेकर भाजपा नेताओं ने DCP को ज्ञापन सौंपा। बड़े तस्करों पर कार्रवाई और नशा नियंत्रण की मांग उठाई।
#इंदौर #नशातस्करी #भाजपा #मध्यप्रदेश #Indore #DrugTrade #BJP #DrugControl #MadhyaPradesh #Nishaanebaz https://t.co/xDFfOHvVkw
— News (@khalkho_ji) October 8, 2026
वहीं, भाजपा पार्षद मनोज मिश्रा ने पुलिस प्रशासन पर सीधे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस शिकायत मिलने पर महज खानापूर्ति के लिए दबिश देती है और छोटे-मोटे नशेड़ियों या मामूली प्यादों को पकड़कर मामला शांत करा देती है, जबकि मुख्य नशा माफिया और बड़े सप्लायर आज भी बेखौफ घूम रहे हैं। ज्ञापन में कंडीलपुरा, पीलिया खाल, कड़ाबीन, शंकरगंज और रामगंज जैसे इलाकों का प्रमुखता से उल्लेख किया गया है, जहां नशा खुलेआम बिक रहा है। मिश्रा ने क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा चुनाव के दौरान किए गए ‘नशा मुक्त क्षेत्र-1’ के वादे की याद दिलाते हुए बड़े तस्करों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
Read More : Janjgir-Champa News: स्कूटी चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा बरामद
नेताओं के तीखे तेवर और ज्ञापन मिलने के बाद डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया है कि पुलिस नशे के खिलाफ लगातार मुहिम चला रही है। उन्होंने बताया कि कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इलाके में सक्रिय मुख्य नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस का दावा है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह से नकेल कसी जाएगी।






