CG Crime: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लुचकी पारा वार्ड नंबर-7 स्थित एक किराए के मकान में शनिवार को लड़की का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि नाबालिग एक युवक के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी। घटना के बाद उसके साथ रहने वाला युवक रविदास मानिकपुरी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
CG Crime: एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे के बाद पुलिस को घटना की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां नाबालिग लड़की मृत अवस्था में मिली। शुरुआती जांच में उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा पेट पर भी चोट के निशान बताए जा रहे हैं।
घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आसपास के इलाके की भी जांच शुरू कर दी है। नाबालिग के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मंगलसूत्र और सिंदूर लगाए मिली लड़की
पुलिस के मुताबिक, मृतका के गले में मंगलसूत्र और मांग में सिंदूर लगा हुआ था। पड़ोसियों से पूछताछ में भी सामने आया है कि नाबालिग और युवक यहां पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। हालांकि, दोनों के बीच संबंध और नाबालिग के वहां रहने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
फरार युवक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से रविदास मानिकपुरी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसके साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मोबाइल फोन और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नाबालिग यहां कब से रह रही थी और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था। फिलहाल पुलिस ने युवक की भूमिका को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
CG Crime: ई-रिक्शा चलाता था युवक
CG Crime: स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों कुछ समय से इस मकान में रह रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि रविदास मानिकपुरी ई-रिक्शा चलाता था। उसके पूर्व में पॉक्सो मामले में गिरफ्तार होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू समेत मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।






