रीवा। Nishaanebaz.com-Rewa UGC Rollback Protest: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के रोलबैक के मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सवर्ण समाज का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। सरकार के फैसलों और सवर्ण जन प्रतिनिधियों की चुप्पी के खिलाफ सवर्ण समाज के लोगों ने रीवा शहर में एक अनोखे और तीखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने सवर्ण समाज के नेताओं की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर पूरे शहर में जलूस निकाला और सरकार के प्रति अपनी गहरी नाराजगी जाहिर की।
यह विरोध प्रदर्शन रीवा शहर के प्रमुख स्थल विवेकानंद पार्क से शुरू हुआ। यहां बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के युवा और नागरिक एकत्रित हुए और हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में आगे बढ़े। प्रदर्शनकारी विवेकानंद पार्क से सवर्ण नेताओं की प्रतीकात्मक अर्थी कंधे पर लेकर मुख्य मार्गों से गुजरते हुए प्रसिद्ध विहर नदी के तट तक पहुंचे। रास्ते भर प्रदर्शनकारी अपनी मांगों के समर्थन में और यूजीसी रोलबैक के विरोध में नारेबाजी करते रहे।
Read More : Gharghoda News: धर्मजयगढ़ में किसे मिलेगी जिम्मेदारी? सांसद प्रतिनिधि पद को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
विहर नदी के तट पर पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रतीकात्मक अर्थी का नदी में विसर्जन किया और इसके साथ ही अपने इस चरण के विरोध प्रदर्शन का समापन किया। रीवा में सवर्ण समाज द्वारा निकाला गया यह अनोखा विरोध प्रदर्शन पूरे जिले और आसपास के क्षेत्रों में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी इस अनोखे जुलूस को कौतूहल से देखा।
प्रदर्शन में शामिल समाज के प्रतिनिधियों और युवाओं का कहना है कि यूजीसी रोलबैक के मुद्दे पर सवर्ण समाज की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और जनप्रतिनिधियों ने समय रहते उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया और इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन केवल रीवा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र में और अधिक उग्र रूप धारण करेगा।







[…] […]