Politics News: मोहम्मद याकुब/धरसीवां: जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार धरसींवा विधानसभा के अंतर्गत सभी मंडलों में सम्मानपुर-नकटी मामले को लेकर भाजपा विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर भाजपा सरकार एवं स्थानीय विधायक के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा प्रभावित परिवारों को न्याय, सम्मानजनक पुनर्वास, उचित मुआवजा एवं दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
Politics News: पूर्व विधायक अनीता शर्मा ने कहा कि सम्मानपुर-नकटी की घटना भाजपा सरकार की संवेदनहीन कार्यप्रणाली का जीता-जागता उदाहरण है। गरीब, किसान और मेहनतकश परिवारों के घर उजाड़ दिए गए, लेकिन सरकार के जिम्मेदार लोग आज भी जवाब देने से बच रहे हैं। जिन लोगों का सब कुछ उजड़ गया, उनके आंसू पोंछने के बजाय सरकार उन्हें संघर्ष करने के लिए मजबूर कर रही है। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ पहले दिन से खड़ी है और न्याय मिलने तक यह लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रहेगी।
Politics News: कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, ओबीसी विभाग, प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस जांच दल के सदस्य भावेश बघेल ने कहा कि सम्मानपुर-नकटी की घटना केवल गरीबों के मकान तोड़ने का मामला नहीं है, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है। जिन परिवारों के सिर से छत छीन ली गई, वे आज भी न्याय की आस लगाए बैठे हैं, लेकिन क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा सत्ता के नशे में इतने चूर हो चुके हैं कि उन्हें अपनी ही विधानसभा की जनता का दर्द दिखाई नहीं दे रहा।
Politics News: उन्होंने कहा कि सम्मानपुर-नकटी के ग्रामीण भारी मन से यह अपील कर रहे हैं कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक विधायक अनुज शर्मा को गांव में प्रवेश नहीं करना चाहिए। यह किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि दुखी और आक्रोशित ग्रामीणों की भावना है।
Politics News: भावेश बघेल ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद मलबे में बेजुबान जानवरों और गौ माता तक के दबे होने की बातें सामने आईं, जो अत्यंत पीड़ादायक और अमानवीय हैं। जो भाजपा सरकार हर मंच से सनातन और गौ माता की रक्षा की बात करती है, उसी सरकार के शासन में यह स्थिति सामने आना उसकी कथनी और करनी का अंतर उजागर करता है। भाजपा सरकार को इस पूरे घटनाक्रम की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों की लड़ाई को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने देगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित जांच दल लगातार पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन और न्यायालय तक हर लोकतांत्रिक मंच पर संघर्ष जारी रहेगा।
Politics News: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसींवा के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस आंदोलन की चरणबद्ध रणनीति तय कर ली है। यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गरीब, आदिवासी और वंचित परिवारों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता के बीच इस अन्याय की सच्चाई रखेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंतिम व्यक्ति को न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटेगी। सरकार को प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास, उचित मुआवजा और दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई के लिए अंततः झुकना ही पड़ेगा।
Politics News: धरसींवा विधानसभा के सभी मंडलों में हुए इस सामूहिक पुतला दहन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि सम्मानपुर-नकटी के पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा और अन्याय के खिलाफ जनआंदोलन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।







