Rewa Bus Theft: रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुस्साहसिक चोरी की वारदात सामने आई है। यहाँ गढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर स्थित एक ढाबे पर खड़ी यात्री बस में चोरों ने महज कुछ ही मिनटों के भीतर एक बड़ी चोरी को अंजाम दे दिया। शातिर चोरों ने बस में घुसकर वहाँ सफर कर रहे एक सीआरपीएफ (CRPF) जवान के बैग से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। राहत की बात यह है कि चोरों की यह पूरी करतूत बस के भीतर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
नागपुर से वाराणसी जा रहे थे जवान, ढाबे पर रुकते ही हुई वारदात
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित नमित कुमार सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। मूल रूप से बिहार के रहने वाले नमित कुमार अपने परिवार (पत्नी और बच्चों) के साथ संजय ट्रेवल्स की यात्री बस (क्रमांक MH-40 CT-0151) में सवार होकर महाराष्ट्र के नागपुर से वाराणसी की ओर जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 6:08 बजे बस गढ़ थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे पर रुकी। सफर की थकान मिटाने और फ्रेश होने के लिए जवान अपनी पत्नी और बेटी के साथ बस से नीचे उतरे, जबकि उनका छोटा बच्चा सीट पर ही मौजूद था। इसी सुनसान समय का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
मासूम बच्चे को बातों में उलझाया, फिर उड़ाए 9 तोला सोने के जेवर
जवान ने बताया कि चोर बेहद शातिर थे और पहले से ही रेकी कर रहे थे। बस में जैसे ही सन्नाटा हुआ, दो संदिग्ध युवक भीतर दाखिल हुए। उन्होंने पहले अन्य सीटों और बैगों को टटोला, जिसके बाद उनकी नजर जवान के पर्स पर पड़ी। सीट पर मौजूद छोटे बच्चे का ध्यान भटकाने के लिए चोरों ने उसे बातों में उलझा लिया और उसे एसी (AC) बंद करने के लिए कहा। जैसे ही बच्चा मुड़ा, आरोपियों ने सीट के ऊपर रखे पर्स को खंगालकर उसमें रखे करीब 9 तोला सोने के जेवर और अन्य चांदी के आभूषण निकाल लिए। हैरत की बात यह रही कि बैग में नगदी भी मौजूद थी, लेकिन चोरों ने केवल कीमती गहनों को ही निशाना बनाया और रफूचक्कर हो गए।
सीसीटीवी में चेहरे कैद, शिनाख्त करने वाले को 21 हजार रुपये का इनाम
चोरी की भनक लगते ही बस में हड़कंप मच गया। जब बस के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें दो संदिग्धों की हरकतें साफ नजर आईं। हालांकि, आरोपियों ने कैमरे के एंगल को प्रभावित करने की कोशिश भी की थी, लेकिन वे अपनी तस्वीरें रिकॉर्ड होने से नहीं बचा सके। पीड़ित जवान नमित कुमार सिंह ने इन संदिग्धों की पहचान करने या उन्हें पकड़वाने वाले व्यक्ति को अपनी ओर से 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि (इनाम) देने की घोषणा की है।
नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने मनगवां से कटरा तक फैले नेशनल हाईवे मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की मानें तो इस रूट पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी होने और यात्री बसों से कीमती सामान गायब होने की शिकायतें लगातार आती रहती हैं। फिलहाल, गढ़ थाना पुलिस ने पीड़ित जवान की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों के हुलवे की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस अंतरराज्यीय चोर गिरोह को बेनकाब कर दिया जाएगा।









