BJP leader aide Chandranath Rath shot dead in West Bengal Madhyamgram : पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे राज्य में राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।
बाइक सवार हमलावरों ने किया हमला
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना बुधवार रात मध्यमग्राम के दोहड़िया इलाके में हुई। हेलमेट पहने बाइक सवार बदमाशों ने चंद्रनाथ रथ की कार को रोका और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
हमलावरों ने बेहद करीब से तीन गोलियां उनके सिर में मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में उनके ड्राइवर को भी गोली लगी है, जिसका इलाज चल रहा है।
मौके से फरार हुए हमलावर
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर आए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
Read more : West Bengal Political Violence : PA की हत्या पर सुवेंदु का बड़ा बयान- ये 15 साल के महा-जंगलराज का नतीजा, BJP करेगी सब ठीक
राजनीतिक हलचल तेज
चंद्रनाथ रथ पिछले कई वर्षों से सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी सहयोगी माने जाते थे और उनकी राजनीतिक गतिविधियों को संभालते थे। घटना की सूचना मिलते ही कई बीजेपी नेता मौके पर पहुंचे, वहीं सुवेंदु अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित हमले का बताया जा रहा है।
राजनीतिक बयानबाजी शुरू
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। टीएमसी ने इस हत्या की निंदा करते हुए जांच की मांग की है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। वहीं बीजेपी ने इसे राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था का उदाहरण बताया है।चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में तनाव को और बढ़ा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।









