alirajpur-samuhik-vivah-sammelan: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आलीराजपुर जिले में भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिले के आलीराजपुर, जोबट और कट्ठीवाड़ा जनपद पंचायतों में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 163 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।

आलीराजपुर जनपद में 57, जोबट में 55 और कट्ठीवाड़ा में 51 जोड़ों का विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। समारोह में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जोबट विधायक सेना पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी बाई खरत, कलेक्टर नीतू माथुर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
alirajpur-samuhik-vivah-sammelan: मंत्री नागर सिंह चौहान ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए सुखी और समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी जोड़ों को प्रकृति संरक्षण और नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया। मंत्री ने कहा कि कट्ठीवाड़ा ‘मिनी कश्मीर’ के नाम से जाना जाता है, इसलिए यहां पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

वहीं, विधायक सेना पटेल ने नवविवाहित जोड़ों से जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने और परिवार के साथ खुशहाल जीवन जीने का संदेश दिया। कलेक्टर नीतू माथुर ने भी नवदंपत्तियों को जिम्मेदारी और सम्मान के साथ नए जीवन की शुरुआत करने की शुभकामनाएं दीं।
alirajpur-samuhik-vivah-sammelan: कार्यक्रम में गायत्री परिवार के आचार्यों द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराया गया। समारोह के दौरान नवदंपत्तियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए और उनके लिए भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई।









