Singrauli News: सिंगरौली में ‘नो कम्प्रोमाइज’ अभियान! फिटनेस-परमिट में गड़बड़ी पर शिकंजा

Rahul Goshwami

Singrauli News: जिले में सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग द्वारा स्कूल बसों एवं यात्री बसों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है, जिसमें आरटीओ चेक पॉइंट प्रभारी विभा उइके एवं उनकी टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है।

दस्तावेजों की गहन जांच
अभियान के दौरान स्कूल बसों और यात्री बसों के फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस तथा प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की गहन जांच की जा रही है। बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा उपकरण अनिवार्य
बसों में पैनिक बटन, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, आपातकालीन खिड़की और स्पीड गवर्नर जैसे सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी जांची जा रही है। जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई जा रही है, उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

ओवरलोडिंग और प्रदूषण पर सख्ती
स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ओवरलोडिंग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं यात्री बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही बिना पीयूसी या अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों को रोककर नियमानुसार दंडित किया जा रहा है।

Singrauli News: कई वाहनों पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान कई वाहनों में बिना फिटनेस संचालन, ओवरलोडिंग, दस्तावेजों की कमी और सुरक्षा उपकरण न होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। ऐसे मामलों में चालान काटकर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।

चालकों की भी हो रही जांच
ड्राइवरों के लाइसेंस की वैधता और नशामुक्त स्थिति की भी जांच की जा रही है। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत नशे में वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा से नहीं होगा समझौता
आरटीओ चेक पॉइंट प्रभारी विभा उइके ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

सभी स्कूल और यात्री बसों का सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और बच्चों व यात्रियों की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *