Saturday, September 26, 2026
Home National Kolkata बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में सुरक्षा पर सियासत! अभिषेक बोले- ‘अब...

बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में सुरक्षा पर सियासत! अभिषेक बोले- ‘अब सिर्फ राफेल उतारना बाकी’

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क :  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 8 जिलों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की हैं।

कोलकाता, हावड़ा, हुगली, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना समेत कई जिलों में पोलिंग बूथों के बाहर सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई।

अभिषेक बनर्जी का केंद्र पर बड़ा हमला

चुनाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। TMC नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय बलों की भारी तैनाती पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब बंगाल में “सिर्फ राफेल जेट उतारना ही बाकी रह गया है।”

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने इतनी ज्यादा फोर्स तैनात कर दी है, मानो राज्य में युद्ध जैसी स्थिति हो। अभिषेक ने आरोप लगाया कि जो सुरक्षा व्यवस्था पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमा पर होनी चाहिए, वही बंगाल के लोगों पर लागू की जा रही है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी जताई नाराजगी

भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी पर्यवेक्षक और सुरक्षा बल बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं।

ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है और वोट जनता डालती है, न कि पुलिस या सुरक्षा बल। उन्होंने दावा किया कि TMC कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पोस्टर हटाए जा रहे हैं और माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

3.21 करोड़ मतदाता कर रहे मतदान

दूसरे चरण के चुनाव में करीब 3.21 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 1.57 करोड़ महिला मतदाता और 792 ट्रांसजेंडर वोटर्स भी शामिल हैं। मतदान के लिए राज्यभर में 41,001 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

चुनाव आयोग ने निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल भी शुरू किया है। इसके अलावा 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं।

भवानीपुर सीट पर टिकी सबकी नजर

इस चरण की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी से माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह मुकाबला पूरे चुनाव का सबसे हाई प्रोफाइल चुनावी संघर्ष बन गया है।

पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान

इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में 93.19 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जिसे राज्य के इतिहास में सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत माना जा रहा है।

साल 2021 के विधानसभा चुनाव में इन 142 सीटों में से 123 सीटें TMC ने जीती थीं, जबकि बीजेपी को 18 सीटों पर सफलता मिली थी। इस बार भी दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here