Entertainment: मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी स्टारर सस्पेंस क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘पूजा मेरी जान’ लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दर्शकों के बीच आने वाली है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें रिश्ते, प्यार, आत्महत्या और पुलिस जांच के बीच उलझी एक रहस्यमयी कहानी की झलक देखने को मिलती है। करीब चार साल से रिलीज का इंतजार कर रही यह फिल्म अब 2 अक्टूबर को ZEE5 पर स्ट्रीम की जाएगी।
प्यार, ब्रेकअप और फिर मौत… क्या है पूजा की कहानी?
ट्रेलर की शुरुआत पूजा के किरदार से होती है, जिसे मृणाल ठाकुर ने निभाया है। पूजा पिछले पांच साल से अनिकेत श्रीवास्तव के साथ रिश्ते में होती है। दोनों के बीच गहरा प्यार दिखाई देता है, लेकिन कहानी तब बदल जाती है जब अनिकेत पूजा के सामने शादी का प्रस्ताव रखता है।
पूजा शादी के लिए तैयार नहीं होती और वह अनिकेत से रिश्ता खत्म कर देती है। ब्रेकअप के बाद अनिकेत खुदकुशी कर लेता है। इसके बाद पूरा मामला पुलिस और अदालत तक पहुंच जाता है और पूजा पर अनिकेत की मौत से जुड़े गंभीर सवाल उठने लगते हैं। अब कहानी का सबसे बड़ा रहस्य यही है कि क्या पूजा वास्तव में अनिकेत की मौत के लिए जिम्मेदार है या फिर परिस्थितियों ने उसे इस मामले में फंसा दिया है? इसका जवाब फिल्म की कहानी आगे बढ़ने के साथ सामने आएगा।
2022 में पूरी हो गई थी शूटिंग, फिर क्यों टली रिलीज?
फिल्म की शूटिंग साल 2022 में ही पूरी हो गई थी, लेकिन इसकी रिलीज लंबे समय तक टलती रही। निर्देशक नवजोत गुलाटी ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म को पहले JioCinema पर रिलीज करने की योजना थी। इसी दौरान Disney+ Hotstar और JioCinema के बिजनेस मर्जर से जुड़े बदलावों के कारण फिल्म की रिलीज प्रक्रिया प्रभावित हुई। बाद में निर्माताओं को फिल्म को किसी दूसरे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने का विकल्प तलाशना पड़ा। इसी प्रक्रिया में काफी समय बीत गया और फिल्म दर्शकों तक नहीं पहुंच सकी।
‘पूजा मेरी जान’ कब और कहां होगी रिलीज?
मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी की यह सस्पेंस क्राइम थ्रिलर फिल्म 2 अक्टूबर को ZEE5 पर रिलीज होगी। ट्रेलर में जिस तरह कहानी को रिश्ते से शुरू करके पुलिस केस और कोर्टरूम तक पहुंचाया गया है, उससे फिल्म में सस्पेंस और रहस्य का अहम रोल नजर आ रहा है।






