Tribal Day controversy: सरगुजा : छत्तीसगढ़ में विश्व आदिवासी दिवस को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने इस अवसर से दूरी बनाकर आदिवासी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
अमरजीत भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक आदिवासी बहुल राज्य है और वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खुद आदिवासी समाज से आते हैं। इसके बावजूद सरकार के मंत्री और जिला प्रशासन ने इस दिन बड़े स्तर पर कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया।
- “जब राज्य का मुखिया स्वयं आदिवासी समाज से हो, तो इस दिन को सम्मान और गर्व के साथ मनाया जाना चाहिए था, लेकिन उपेक्षा की गई,” — अमरजीत भगत
“राजनीति की भेंट चढ़ा आयोजन”
पूर्व मंत्री ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस राजनीति की भेंट चढ़ गया।
- “ना किसी का सम्मान हुआ, ना कोई बड़ा आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री किसी कार्यक्रम में नहीं गए और न ही उनके मंत्रीमंडल का कोई सदस्य। यह आदिवासियों की उपेक्षा है और आने वाले दिनों में इसका असर देखने को मिलेगा।” — अमरजीत भगत











