बालोद-दुर्ग मार्ग पर दर्दनाक हादसा: ट्रक ने दंपति को रौंदा, पति की मौत, पत्नी गंभीर

Parivesh
बालोद-दुर्ग मार्ग पर दर्दनाक हादसा ट्रक ने दंपति को रौंदा, पति की मौत, पत्नी गंभीर

बालोद। बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर आज एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भयावह था कि बाइक चला रहे पति ट्रक में फंसकर करीब एक किलोमीटर तक घसीटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं और जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

मृतक की पहचान फूलसिंह साहू (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नंदनी थाना क्षेत्र के ग्राम रवेलीदीही के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, आज वे अपनी पत्नी टिकेश्वरी साहू के साथ बाइक पर सवार होकर ग्राम भेंगरी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि फूलसिंह ट्रक में बुरी तरह से फंस गए और ट्रक उन्हें घसीटता हुआ काफी दूर तक ले गया। इस दर्दनाक हादसे में उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। वहीं, उनकी पत्नी टिकेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक को जब्त कर लिया है। हालांकि, घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

इस भीषण सड़क हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शादी की खुशियों में शामिल होने जा रहे दंपति के साथ हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *