TOP 10 News Today 31 Aug 2025
1 . पटाखा फैक्ट्री विस्फोट, 7 लोगों की मौत
लखनऊ। गुडंबा के बेहटा गांव में एक भीषण हादसा हुआ है। अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट के कारण अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हैं। पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं, लेकिन कई लोग अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। विस्फोट इतना भयानक था कि आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई और लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
2 . एयर इंडिया फ्लाइट के इंजन से धुआं इंदौर आनेवाली फ्लाइट दिल्ली लौटी…
Air India Flight : नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से इंदौर के लिए उड़ान भर रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2913 रविवार सुबह एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को दाईं ओर के इंजन से धुआं और आग का संकेत मिला। स्थिति को भांपते हुए क्रू ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया और विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस उतार लिया। एयर इंडिया ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्हें बिना किसी असुविधा के दूसरे विमान से इंदौर रवाना कर दिया गया है। घटना के बाद एयरक्राफ्ट को ग्राउंड कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
3 .छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 30 ट्रेने रद्द
Trains Canceled : रायपुर। त्योहारी सीजन में रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई कदम उठाए हैं, लेकिन इसी दौरान छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 30 ट्रेनों को 31 अगस्त से 15 सितंबर तक रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 6 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं और 5 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। लगातार 16 दिन तक ट्रेनों के रद्द रहने से पश्चिम बंगाल, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और गोवा जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने त्योहारी सीजन को देखते हुए 52 ट्रेनों का स्टॉपेज भी राज्य के विभिन्न स्टेशनों पर बढ़ा दिया है, जिससे यात्रियों को लाभ होगा।
4 . एमपी में राहुल गांधी की शव यात्रा
MP NEWS : भोपाल। राजधानी भोपाल में बीजेपी महिला मोर्चा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और उन्हें माफी मांगने की मांग उठाई। यह प्रदर्शन उस घटना के विरोध में किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर चुनावी अधिकार यात्रा के स्वागत मंच पर अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भारी बारिश के बावजूद राहुल गांधी की शव यात्रा का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया और मंच पर किए गए अपमानजनक बयानों के विरोध में आग भी लगाई। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानती और केवल उनका अपमान करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि मंच पर प्रधानमंत्री की मां को लेकर की गई टिप्पणी अशोभनीय है।
5 . तीन महीने बाद भी फरार तोमर ब्रदर्स…
Tomar Brothers Case : रायपुर। राजधानी की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जून 2025 में मारपीट, वसूली, ब्लैकमेलिंग और सूदखोरी के 7 नए केस दर्ज होने के बाद भी कुख्यात ‘तोमर ब्रदर्स’ (वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित तोमर) पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। तीन महीने बीत जाने के बाद भी दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों भाई लगातार स्थान बदल रहे हैं और फिलहाल मध्य प्रदेश में छिपे होने की आशंका है। चर्चाओं में यह भी है कि परिजनों से उनका संपर्क बना हुआ है।
6 .पुजारी की धारदार हथियार से हत्या
CG NEWS : तखतपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के सूरीघाट में रविवार सुबह एक चौंका देने वाली वारदात सामने आई, जहां पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक की लाश मंदिर परिसर में खून से लथपथ मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुजारी के सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं। अज्ञात आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि यह घटना अत्यंत जघन्य है। प्रारंभिक जांच में किसी बड़ी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की बारीकियों से जांच कर रही है और जल्द ही वारदात में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
7 . मुंशी की बदसलूकी पर भड़की महिला, चप्पल उठाकर पुलिसकर्मी को दौड़ाया
सीधी। पुलिस की शर्मनाक करतूत का मामला सामने आया है। मझौली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 में नोटिस देने पहुंचे पुलिस मुंशी पर महिला से अभद्रता और मारपीट का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महिला को नोटिस थमाने पहुंचा पुलिसकर्मी अचानक गाली-गलौज करने लगा और हाथापाई तक उतर आया। आरोप है कि उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। घटना से आक्रोशित महिला ने गुस्से में चप्पल उठाकर पुलिस मुंशी को दौड़ा लिया। इस दौरान मोहल्ले में हंगामा खड़ा हो गया और लोग मौके पर जुट गए। पूरा मामला कैमरे में कैद हो गया और वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
8 . बूढ़ा तालाब चौपाटी पर महापौर की सख्ती
Raipur News : रायपुर। राजधानी के प्रतीक माने जाने वाले बूढ़ा तालाब चौपाटी को लेकर फिर विवाद खड़ा हो गया है। रविवार सुबह महापौर मीनल चौबे अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचीं, जहां तीन दुकानों को खुला पाकर निगम अमले को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सील करने का आदेश दे दिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने सबसे पहले तालाब में घूमने आए लोगों को रोकने में लापरवाही पर गार्ड और ठेकेदार को आड़े हाथों लिया। इसके बाद बिना पार्किंग व्यवस्था के खोली गई दुकानों को लेकर निगम अधिकारियों से जवाब-तलब किया। दुकानदारों द्वारा पर्यटन विभाग से अनुमति का हवाला देने पर महापौर ने साफ कहा कि “निगम क्षेत्र में नियमों का पालन करना अनिवार्य है, बिना पार्किंग कोई दुकान नहीं खुलेगी।
9 . ससुराल आया व्यापारी लाश बनकर लौटा, नदी किनारे संदिग्ध हालात में मिला शव
Balrampur News : बलरामपुर। जिले के चपोता नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यापारी का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश सिंगरौली निवासी के रूप में हुई है, जिसकी ससुराल बलरामपुर में है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो नदी किनारे पुल के पास से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है। शव की हालत और आसपास मिले साक्ष्य हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि व्यापारी किसी काम से बलरामपुर आया था। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बलंगी चौकी पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
10 . रसिया मोहल्ले का ‘प्यार से पत्थरबाजी’ कांड….मचा बवाल
रीवा। मोहब्बत का जाल, फिर दैहिक शोषण, गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार, मुकदमेबाजी, समझौता और आखिरकार शादी… लेकिन इसके बाद दहेज की मांग और प्रताड़ना ने रिश्तों को इतना जहरीला बना दिया कि शनिवार की शाम पूरा मामला पत्थरबाजी में तब्दील हो गया। यह किसी फिल्मी कहानी का प्लॉट नहीं, बल्कि रसिया मोहल्ले की असलियत है। जानकारी के अनुसार, हिरई कोल के बेटे ने दुर्गा कोरी को पहले प्यार के जाल में फंसाया और शारीरिक शोषण किया। जब युवती गर्भवती हुई तो युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। परिवार के दबाव और थाने में दर्ज दुष्कर्म के केस के बाद जेल जाने से बचने के लिए युवक ने आखिरकार दुर्गा से शादी कर ली। लेकिन शादी के बाद दुर्गा को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।











