1 . पाल में तख्तापलट के बाद हालात बेकाबू
Nepal Gen-Z Protest : नेपाल | नेपाल में हालात बेकाबू हो चुके हैं। जेन-जी आंदोलन (Nepal Gen-Z Protest) के उग्र होने के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया और फिलहाल अज्ञात स्थान पर छिपे बताए जा रहे हैं। लेकिन इस्तीफे के बाद भी नेपाल की स्थिति काबू में नहीं है। राजधानी काठमांडू सहित कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन तेज हो गए हैं। भीड़ ने पूर्व प्रधानमंत्रियों और नेताओं के घरों को निशाना बनाया। झड़पों और आगजनी में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है और 400 से ज्यादा घायल हुए हैं। हिंसा को देखते हुए नेपाली सेना ने मंगलवार रात 10 बजे से पूरे देश की कमान अपने हाथ में ले ली। सेना ने साफ कहा कि कुछ उपद्रवी हालात का फायदा उठाकर आम नागरिकों और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। चेतावनी दी गई है कि अगर उपद्रव जारी रहा, तो सैनिकों की तैनाती और बढ़ाई जाएगी।
2 . पीसीसी चीफ दीपक बैज के घर में घुसा संदिग्ध व्यक्ति
रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज के घर में मंगलवार देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति के घुसने की घटना ने सनसनी फैला दी। बताया गया कि पुलिस ने उस व्यक्ति को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन उसने जबरन घर के भीतर प्रवेश कर लिया। इस घटना के बाद बैज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि दीपक बैज को जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। ऐसे में किसी अज्ञात व्यक्ति का सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके घर तक पहुंच जाना सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी चूक मानी जा रही है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा, “संदिग्ध क्या करना चाहता था? क्या वह मेरे घर की रेकी करने आया था? और अगर ऐसा है तो वह किसको सूचना देना चाहता था?”
3 . पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के बेटे से 58 लाख की ठगी
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल से 58 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने नितिन की कंपनी के फर्जी लेटरपैड का इस्तेमाल कर बैंक को चकमा दिया और बड़ी रकम तीन अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा ली। नितिन अग्रवाल की कंपनी ‘क्राउन विला एंड डेवलपर्स’ का खाता फेडरल बैंक में है। ठगों ने इसी कंपनी के नाम से एक फर्जी लेटर तैयार कर बैंक प्रबंधक को भेजा। लेटर में बेंगलुरु, पुणे और दिल्ली स्थित तीन खातों का उल्लेख था और उनमें पैसा जमा करने के निर्देश दिए गए थे। बैंक मैनेजर ने बिना किसी पुष्टि या प्रबंधन से सत्यापन किए तीनों खातों में क्रमश: 29 लाख, 18 लाख और 11 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। जैसे ही यह रकम खातों में पहुंची, ठगों ने उसे तुरंत निकाल लिया।
4 . भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
Indore Big News : इंदौर। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा के खिलाफ एमपी एमएलए कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। सुरेंद्र पटवा पर धोखाधड़ी और चेक बाउंस से जुड़े 70 से अधिक मामले दर्ज हैं। सूत्रों के अनुसार, सुरेंद्र पटवा भोजपुर से विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के भतीजे हैं। कोर्ट ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में वारंट जारी किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस को निर्देश दिया गया है। इस मामले में संबंधित बैंकों और अधिकारियों के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है।
5 . रायपुर में महिला ने थाना के बाहर खुद को लगाई आग
रायपुर: राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महिला थाना परिसर के बाहर एक महिला ने खुद पर आग लगा ली। आग लगते ही वह चीखते हुए दौड़ने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों और महिला के परिजनों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कपड़े और पानी की मदद से आग बुझाई। महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि महिला किसी शिकायत को लेकर महिला थाना पहुंची थी। इसी दौरान उसने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
6 . ढेबर सिटी में महिला की फांसी पर लटकी मिली लाश…
Raipur Crime News : रायपुर। ढेबर सिटी थाना क्षेत्र की पुरानीबस्ती निवासी विवाहिता तमन्ना परवीन (पत्नी फिरोज अंसारी) की लाश फांसी पर लटकी मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है, लेकिन रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। मायके वालों का दावा है कि शव पर चोट के निशान थे और मुंह व नाक से खून भी निकल रहा था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। एस के अख्तर और अन्य परिजनों ने एसएसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
7 . CAF के जवान ने साली और चाचा ससुर पर चलाई गोली, मच गया हड़कंप
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी साली और चाचा ससुर को गोली मार दी। इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।हरदीबाजार थाना क्षेत्र में, CAF के जवान टेसराम बिंझवार ने अपनी पत्नी के परिवार से चल रहे विवाद के कारण अपनी साली मदालसा बिंझवार और चाचा ससुर राजेश बिंझवार को अपनी राइफल से गोली मार दी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी फैल गई।
8 . कांग्रेस की जनसभा में गुटबाजी का खुला प्रदर्शन: मंच पर ‘चमचा’ बयान पर विवाद
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ जनसभा में एकजुटता की कोशिशों के बावजूद पार्टी में भीतर की कलह और गुटबाजी साफ नजर आई। सभा में कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट मौजूद थे, लेकिन उनके सामने ही मंच पर नेताओं के बीच टकराव और आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र की मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर हमला करना था। कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। लेकिन जनसभा का फोकस बार-बार नेताओं की आपसी खींचतान की तरफ खिंचता चला गया।
9 . रायपुर के व्यापारी का 10 किलो सोना पकड़ा गया, फिर कमीशन लेकर छोड़ दिया गया: खैरागढ़ में TI, SI समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के गातापार इलाके में शनिवार रात एक बड़ी लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 10 किलो कच्चा सोना बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 20 लाख रुपए है। लेकिन आरोप है कि जांच के बाद पुलिसकर्मियों ने कमीशन लेकर कार को छोड़ दिया। मामला सामने आने के बाद खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने गातापार थाना प्रभारी आलोक साहू, एसआई नंदकिशोर वैष्णव और प्रधान आरक्षक तैजान ध्रुव को निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
10 . बीकोर गांव में शराब दुकान को लेकर बवाल, महिलाओं ने फूंकी दुकान
MP Big News : नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में शराब दुकान को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं ने मंगलवार को बीकोर गांव में स्थित वंशिका कंस्ट्रक्शन की शराब दुकान में आग लगा दी, जिससे दुकान में काफी नुकसान हुआ। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र की इस घटना में महिलाएं कई दिनों से दुकान के संचालन से परेशान थी और उनका कहना था कि यह दुकान गांव से बाहर हटाई जाए। अचानक भड़की आग को देखकर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। पुलिस ने महिलाओं को शांत कराकर वापस भेजा और विवेचना शुरू कर दी है। घटना के कारण इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस आगे की कार्रवाई और जिम्मेदारों की पहचान के लिए मामले की जांच कर रही है।











